रसूलाबाद सीएचसी में तोड़फोड़ मामले की जांच करती एसडीएम।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/रसूलाबाद। सीएचसी में सोमवार रात डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्पात मचाया था। फर्नीचर व खिड़की के शीशे तोड़ दिए थे। डीएम के निर्देश के बाद एसडीएम ने मामले की जांच की। जांच में 61,500 रुपये की क्षति होने की बात सामने आई। वहीं, सीसीटीवी में हंगामे की फुटेज भी मिली।
28 सितंबर की रात ड्यूटी के दौरान डॉ. आशीष मिश्रा व फार्मासिस्ट पंकज पाल ने अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ हंगामा व तोड़फोड़ की थी। मामले में डॉक्टर व फार्मासिस्ट के इस व्यवहार की रिपोर्ट सीएचसी अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने सीएमओ डॉ. राजेश कटियार को भेजी थी। बुधवार को कार्रवाई के नाम पर डॉक्टर आशीष कुमार मिश्रा को रसूलाबाद से सीएचसी डेरापुर व फार्मासिस्ट पंकज पाल को सीएचसी सिकंदरा में तैनात किया गया है। दोनों कर्मियों पर सिर्फ स्थानांतरण की कार्रवाई लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, बुधवार रात डीएम डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर एसडीएम रसूलाबाद अंजू वर्मा ने मामले की जांच की। जांच के दौरान एसडीएम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमे डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से किए गए हंगामे व तोड़फोड़ की पुष्टि हुई। मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।
डीएम के निर्देश के बाद भी नहीं दर्ज हुई रिपोर्ट
रसूलाबाद सीएचसी में डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से नशे की हालत में हंगामा व तोड़फोड़ के मामले में डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने सीएमओ डॉ. राजेश कटियार को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी घटना के तीन दिन बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
ट्रांसफर के बाद छुट्टी पर चले गए डॉक्टर
सीएचसी रसूलाबाद में हंगामा व तोड़फोड़ के मामले में डॉ. आशीष मिश्रा व फार्मासिस्ट पंकज पाल सहित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सुबोध का सीएमओ ने स्थानांतरण कर दिया था। बाद में डॉक्टर व फार्मासिस्ट छुट्टी पर चले गए। अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि डॉक्टर को डेरापुर, फार्मासिस्ट को सिकंदरा व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को मैथा अस्पताल भेजा गया है।
-जांच में 61,500 रुपये की क्षति होने का आकलन किया है। सीसीटीवी में स्वास्थ्य कर्मियों के हंगामे की फुटेज मिली है। रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।
-अंजू वर्मा, एसडीएम रसूलाबाद