फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: ब्रह्मोस जैसी सुपरसोनिक मिसाइलें कानपुर में तैयार फ्यूल से भरेंगी उड़ान

विज्ञापन
ड्रोन के बारे में जानकारी देते आदित्य कुशवाहा। - फोटो : संस्थान
विज्ञापन
कानपुर। अब ब्रह्मोस जैसी हाइपर और सुपरसोनिक मिसाइलों के लिए आवश्यक फ्यूल के लिए रूस पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की इकाई डीएमएसआरडीई (रक्षा सामग्री एवं भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान) के वैज्ञानिकों ने इस विशेष फ्यूल का विकास कर लिया है। रैमजेट इंजन में इसका सफल ट्रायल हो चुका है। डीएमएसआरडीई अब इसके उत्पादन के लिए कंपनियों के साथ एमओयू करेगा।
विज्ञापन


छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में चल रहे रोबो-रंबल के डिफेंस एक्सपो में इस नवाचार ने छात्रों को काफी प्रेरित किया। वरिष्ठ वैज्ञानिक अशोक कुमार गौतम ने बताया कि इसका सफल परीक्षण डीआरडीओ के हैदराबाद स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) में हुआ। यह ईंधन माइनस 60 डिग्री सेल्सियस पर भी जमता नहीं है और देश में इसका उत्पादन होने से खरीद की लागत 10 गुना कम हो जाएगी। यह फ्यूल अधिक ऊर्जा प्रदान करता है और मिसाइलों के लिए बेहतर है।

डिफेंस एक्सपो में कानपुर एयरमॉडल क्लब ने 220 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाला ड्रोन भी प्रदर्शित किया। क्लब के आदित्य कुशवाहा ने बताया कि यह फर्स्ट पर्सन व्यू ड्रोन 300 ग्राम का ग्रेनेड लेकर दुश्मन पर अटैक कर वापस आ सकता है। इसमें बार-बार लोकेशन देने की जरूरत नहीं होती। इसके अलावा लिडार तकनीक से चलने वाला एक और ड्रोन भी बनाया गया है, जो बिना जीपीएस के भी काम करता है।
विज्ञापन



खूब लड़े रोबो, छात्रों ने खेला गेम

सीएसजेएमयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव रोबो रंबल 3.0 के दूसरे दिन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोबो सॉकर प्रतियोगिता में 16 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने रोबोट्स के माध्यम से सटीक नियंत्रण, तेज निर्णय क्षमता और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले पेश किए। रोबो वॉर प्रतियोगिता ने पूरे आयोजन में रोमांच स्थापित किया। 17 से अधिक टीमों ने अपने शक्तिशाली और आक्रामक रोबोट्स के साथ एरिना में प्रवेश किया, जहां जोरदार टक्कर, स्पार्क्स और धमाकेदार भिड़ंत ने दर्शकों को बांधे रखा।

इसी क्रम में ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में 40 से अधिक टीमों ने भाग लिया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी गेमिंग स्किल्स, टीम कोऑर्डिनेशन और त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों के लिए स्पोर्ट्स बाइक हैंडलिंग एवं सेफ्टी अवेयरनेस रैली भी आयोजित की गई। इसका उद्देश्य युवाओं में सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार वाहन संचालन का महत्व समझाना था। प्रतिभागियों ने हेलमेट के उपयोग, ट्रैफिक नियमों का पालन और सड़क सुरक्षा संदेशों के साथ परिसर में रैली निकाली। कार्यक्रम के दौरान यूआईईटी के निदेशक डॉ. आलोक कुमार, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. अजय तिवारी और शाह आलम भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें