कानपुर। चार साल बाद चर्म निर्यात परिषद क्षेत्रीय की ओर से शनिवार को कैंट स्थित एक क्लब में निर्यात अवॉर्ड 2022-23 और 2023-24 की घोषणा की गई। इसमें वित्त वर्ष 2022-23 के 64 और 2023-24 के लिए 59 समेत कुल 123 अवॉर्ड दिए गए। इसमें कानपुर और उन्नाव के निर्यातकों का दबदबा देखने को मिला। 11 विभिन्न श्रेणियों में अवॉर्ड दिए गए। ओवरऑल निर्यात श्रेणी में नौ अवॉर्ड जीतकर सुपर हाउस ग्रुप ने बाजी मारी।
रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप को भी नौ अवॉर्ड मिले। खेमचंद हैंडीक्राफ्ट्स को अलग-अलग श्रेणी में आठ अवॉर्ड मिले। सुपर टेनरी को चार, ग्रोमोर इंटरनेशनल लिमिटेड को ब्रांड क्रिएशन समेत तीन अवॉर्ड मिले। पहली बार 2023-24 के लिए स्टार्टअप अवॉर्ड घोषित किया गया जो औरिस लेदरवर्क प्राइवेट लिमिटेड को मिला। चमड़ा उद्योग के लिए उल्लेखनीय कार्य के लिए इदरीस अहमद सिद्दीकी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी को अवॉर्ड दिए।
वित्त वर्ष 2022-23 के लिए निर्यात पुरस्कारों में सुपर हाउस ग्रुप, रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप और खेमचंद हैंडीक्राफ्ट्स को ओवरऑल निर्यात में क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान मिला है। सुपर टेनरी लिमिटेड को महिला उद्यमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। ग्रोमोर इंटरनेशनल लिमिटेड को गिल ब्रांड के लिए ब्रांड क्रिएशन अवॉर्ड दिया गया। चमड़े के जूते के निर्यात में 200 करोड़ रुपये से 300 करोड़ रुपये की श्रेणी में सुपरहाउस ग्रुप को पहला स्थान मिला। 100 करोड़ रुपये से 200 करोड़ रुपये की श्रेणी में तिरुबाला इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड और जामा कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड को क्रमश: पहला और दूसरा अवॉर्ड मिला।
फिनिश्ड लेदर के निर्यात में 100 करोड़ रुपये से 200 करोड़ रुपये की श्रेणी में मॉडल टेनर्स और सुपर टेनरी ग्रुप को अवॉर्ड मिला। 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में सुपरहाउस ग्रुप और रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप को पहला और दूसरा स्थान मिला। चमड़ा उत्पाद निर्यात की 200 करोड़ रुपये से 300 करोड़ रुपये की श्रेणी में खेमचंद हैंडीक्राफ्ट्स को पहला अवॉर्ड मिला। गैर चमड़े के सैडलरी और हारनेस की 100 करोड़ रुपये से 200 करोड़ रुपये की श्रेणी में सुपरहाउस ग्रुप ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
चमड़े के जूते में 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में सुपर टेनरी कॉप और यूरो फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड को अवॉर्ड दिया गया। फुटवियर कंपोनेंट्स (जूते के ऊपरी हिस्से या अपर) की 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और नॉर्दर्न लेदर प्रोडक्ट्स को अवॉर्ड मिला। सैडलरी और हारनेस (चमड़ा) में 25 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में एसके एक्सपोर्ट्स और किंग्स इंटरनेशनल लिमिटेड को पहला और दूसरा अवॉर्ड दिया गया। चमड़े के दस्तानों (औद्योगिक) में 25 करोड़ रुपये तक की श्रेणी में रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप और कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को पहला और दूसरा अवॉर्ड मिला।
चमड़े के परिधानों में 25 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में मलिक टैनिंग इंडस्ट्रीज और आइकॉन डिजाइन्स को क्रमश: पहला और दूसरा स्थान मिला। गैर चमड़े के जूते में 25 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में जामा कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड को पहला स्थान मिला। चमड़े के जूते के निर्यात की 25 करोड़ रुपये तक की श्रेणी में परवेज शूज प्राइवेट लिमिटेड और सूरी शूज प्राइवेट लिमिटेड ने अवॉर्ड जीता।
वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ओवरऑल निर्यात श्रेणी में पहला स्थान सुपर हाउस ग्रुप और दूसरा स्थान रहमान इंडस्ट्रीज को मिला। वुमन एंटरप्रेन्योर का अवॉर्ड मारिया इंटरनेशनल की पार्टनर मारिया आरिफ को मिला। ब्रांड क्रिएशन का अवॉर्ड अब्दुल्लाह टेनरी प्राइवेट लिमिटेड को मिला। सुपरहाउस ग्रुप और खेमचंद हैंडीक्राफ्ट्स ने 200 करोड़ रुपये से अधिक श्रेणी में पहला और दूसरा अवॉर्ड मिला। सुपरहाउस ग्रुप ने चमड़े के जूते-चप्पल के 200 करोड़ रुपये से 300 करोड़ रुपये की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप और जामा कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड ने 100 करोड़ रुपये से 200 करोड़ रुपये श्रेणी में क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। तैयार चमड़े के क्षेत्र में मॉडल टेनर्स ओवरसीज एलएलपी ने 100 करोड़ रुपये से 200 करोड़ रुपये की श्रेणी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। मॉडल एक्सिम्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और सुपर टेनरी 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में पहले और दूसरे स्थान पर रहे। चमड़े के सामान की श्रेणी में खेमचंद हैंडीक्राफ्ट्स 200 करोड़ रुपये से 300 करोड़ रुपये के राजस्व वर्ग में शीर्ष पर रहा। इस श्रेणी में कैरेन इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड और सुपरहाउस ग्रुप ने 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। गैर चमड़े की सैडलरी और हारनेस में सुपरहाउस ग्रुप ने 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। फुटवियर कंपोनेंट्स (जूते के ऊपरी हिस्से) में कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और अब्दुल्ला टेनरी प्राइवेट लिमिटेड ने 50 करोड़ रुपये से 100 करोड़ रुपये की श्रेणी में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। चमड़े की सैडलरी और हारनेस श्रेणी में अलीना एक्सपोर्ट और एसके एक्सपोर्ट्स ने 25 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में पहला और दूसरा अवॉर्ड हासिल किया। औद्योगिक चमड़े के दस्तानों में रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप 10 करोड़ रुपये से 25 करोड़ रुपये की श्रेणी में अव्वल रहा। फैशन और स्पोर्ट्स चमड़े के दस्तानों में कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 10 करोड़ रुपये तक के वर्ग में अवॉर्ड जीता। चमड़े के परिधानों के क्षेत्र में मलिक टैनिंग इंडस्ट्रीज और आइकॉन डिजाइन्स 25 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में शीर्ष पर रहे। रहमान इंडस्ट्रीज ग्रुप और जामा कॉर्पोरेशन प्राइवेट लिमिटेड ने गैर चमड़े के जूते-चप्पल की 25 करोड़ रुपये से 50 करोड़ रुपये की श्रेणी में क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। तिरुबाला इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड और आईए लेदर (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड ने 10 करोड़ रुपये से 25 करोड़ रुपये की श्रेणी में अवॉर्ड हासिल किया।
ये अवॉर्ड नहीं, कानपुर के निर्यातकों की वैश्विक पहचान : महाना
मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि वे 46 साल से इस उद्योग से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। उनका इस उद्योग के साथ भावनात्मक रिश्ता है। आज नई पीढ़ी के युवा अवॉर्ड ले रहे हैं। ये अवॉर्ड नहीं बल्कि कानपुर के निर्यातकों की वैश्विक पहचान हैं। कानपुर के निर्यातकों का पूरी दुनिया में नाम है। चर्म निर्यात परिषद के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुख्तारुल अमीन ने कहा कि सरकार ने चमड़ा उद्योग के लिए चार खरब रुपये का निर्यात लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे हासिल करने का प्रयास होगा। उत्पादों की मार्केटिंग के लिए सेल बनाई जाएगी। सड़क शो किए जाएंगे। चर्म निर्यात परिषद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यादवेंद्र सचान ने कहा कि शहर में दक्षिण क्षेत्र की तर्ज पर विदेशी प्रत्यक्ष निवेश लाने और संयुक्त उपक्रम स्थापना के लिए तेजी से काम किया जाएगा। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष असद इराकी, जावेद इकबाल, राकेश सूरी, प्रेरणा वर्मा, जफर फिरोज आदि मौजूद रहे।