कानपुर। बॉलीवुड अभिनेता सनी कौशल मंगलवार को अपनी आगामी फिल्म ‘बाराबंकी’ की शूटिंग के सिलसिले में शहर में नजर आए। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री बिपाशा बसु मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। सनी कौशल शहर के पीरोड पर शूटिंग करते दिखाई दिए। इस दौरान उनका बेहद सादा और देसी अंदाज देखने को मिला जहां वे आम लोगों की तरह ई-रिक्शा में बैठकर बाजार की गलियों में घूमते नजर आए। सनी को देख भीड़ जमा हुई तो सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला।
पीरोड के अलावा फिल्म की टीम ने कानपुर एयरपोर्ट पर भी कई अहम दृश्यों की शूटिंग पूरी की है। इस प्रोजेक्ट की एक खास बात यह भी है कि इसमें स्थानीय प्रतिभाओं को तवज्जो दी गई है। फिल्म में शहर के कई स्थानीय कलाकारों को भी काम करने का मौका मिला है जिससे शहर के रंगमंच और कला जगत में खासा उत्साह है। वहीं मोबाइल से वीडियो बनाने वालों की शूटिंग स्थल पर लगे बाउंसर से झड़प भी हुई। स्थानीय कलाकारों के अनुसार बिपाशा नहीं आई थीं। फिल्म की एक दिन ही कानपुर में शूटिंग हुई है और टीम चली गई ।