केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के खिलाफ दिल्ली की सभा में विवादित बयान देने पर शनिवार को सीएमएम की कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया गया है।
इस मामले पर बयान दर्ज कराने की तारीख 23 दिसंबर लगाई गई है।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सियाराम पाल ने सीएमएम कोर्ट में परिवाद दर्ज कराने के लिए अर्जी दी है।
इसमें कहा गया है एक दिसंबर को समाचार चैनलों में साध्वी निरंजन ज्योति को दिल्ली में हुई एक जनसभा में विवादित बयान देते हुए देखा।
एक दिसंबर की रात से ही उनके पास नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के महासचिव सौरभ श्रीवास्तव, लल्ला वाजपेयी, केडी सिंह वर्मा और डॉ. रमेश कुशवाहा के फोन आए।
इन लोगों ने कहा कि साध्वी निरंजन ज्योति के बयान से कष्ट में है। इसलिए कानूनी कार्रवाई करें। इस मामले को लेकर संसद और राज्य सभा की कार्यवाही प्रभावित है।
इससे महत्वपूर्ण निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने को अर्जी दी तो पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इसलिए साध्वी निरंजन ज्योति को तलब कर दंडित किया जाए।
सियाराम पाल के अधिवक्ता नरेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कोर्ट ने परिवाद दर्ज कर लिया है।