कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के हृदयपुर निवासी नंदकिशोर के इकलौते बेटे आयुष (19) की आत्महत्या के दो दिन बाद सुसाइड नोट सामने आया है। एक पन्ने का यह सुसाइड नोट परिजनों को मंगलवार दोपहर घर में रखीं मौरंग की दो बोरियाें के बीच दबा मिला है।
सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि वह बहुत परेशान है, उसे फंसाया जा रहा है। उसकी कहीं सुनवाई नही होगी। उसकी वजह से मां-बाप दो बार पुलिस स्टेशन जा चुके हैं। मामले में मृतक की मां ज्वाला देवी ने सुसाइड नोट की फोटोकॉपी और प्रार्थना पत्र एसीपी कार्यालय कल्याणपुर में दिया है। साथ ही परिजनों ने पुलिस के साथ कुछ मोबाइल नंबर साझा किए हैं, जिनसे उनके बेटे को धमकी दी जाती थी।
थानाप्रभारी बिठूर प्रेमनरायन विश्वकर्मा ने बताया कि परिजनों से सुसाइड नोट की मूल कॉपी मांगी गई है। इसके बाद मृतक की हैंडराइटिंग से मिलान के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि रविवार सुबह छात्र का शव घर में फंदे से लटका मिला था। परिजनों का आरोप था कि छात्र की इंस्टाग्राम के जरिये नवाबगंज की युवती से दोस्ती थी और उसी के धमकाने के बाद बेटे ने आत्महत्या की थी।