कानपुर। कैंट बोर्ड की बैठक में सोमवार को कई महत्वपूर्ण फैसले हुए और विकास कार्यों (वर्ष-2016-17) के लिए 16.4 करोड़ का बजट पारित हुआ।
ब्रिगेडियर विनय मोहन शर्मा ने कैंट बोर्ड में सदस्यों और पार्षदों के साथ चार महीने बाद बैठक की। संविदा पर काम कर रहे इंजीनियर, शिक्षक, ऑपरेटर, मल्टी टास्किंग स्टाफ सहित अन्य कर्मचारियों का 89 दिन कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। सेवन एयरफोर्स हॉस्पिटल की पार्किंग नि:शुल्क कर दी गई। कैंट परिसर में व्यावसायिक वाहनों से प्रवेश शुल्क लिया जाएगा और सवारी गाड़ियों का प्रवेश निःशुल्क कर दिया गया। पानी की समस्या को देखते हुए सुबह-शाम जलापूर्ति का 30 मिनट समय बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही कौशल विकास प्रशिक्षण (मोबइल रिपेयरिंग, ब्यूटीशियन, हार्डवेयर, स्टेनोग्राफी सहित अन्य प्रशिक्षण) कैंट बोर्ड के फेथफुलगंज, मीरपुर, गोलाघाट स्कूल में दिया जाएगा। बैठक समाप्ति के दौरान नवनियुक्त कैंट सीईओ विनीत एस नायर, इंजीनियर चाव भारती सहित कर्नल दुष्यंत सिंह ने शपथ ग्रहण की। बैठक में कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष लखनलाल ओमर, विधायक रघुनंदन सिंह, चोखेलाल, राजू, शिखा त्रिवेदी, प्रस्तावना तिवारी सहित अन्य लोग रहे।
श्यामनगर में सड़कों का भी निर्माण
इस माह के अंत तक श्यामनगर में पीडब्ल्यूडी कई सड़कों का काम भी शुरू कराएगा। सतबरी रोड और आसपास की खस्ताहाल सड़कों के सुधार में करीब सात करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन ने 68 लाख रुपये जारी भी कर दिए हैं। सतबरी रोड से प्रेम मार्केट होते हुए दुर्गा मंदिर, सतबरी रोड से उमेश सविता के मकान तक , गिरजाघर के पीछे रेलवे लाइन के किनारे बस्ती तक और समता सोसाइटी की सड़कों का सुधार होगा।
सदस्यता खत्म करने की मांग
कैंट के सीईओ से सोमवार को कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधि मंडल ने कैंट वार्ड नंबर-2 के पार्षद चोखेलाल मंझवार पर फर्जी जाति प्रमण-पत्र लगाकर चुनाव लड़ने के मामले को उठाया। पार्षद की सदस्यता खत्म करने की मांग की।