जसवंतनगर (इटावा)। शादी के लिए परिवार वालों की रजामंदी न मिलने और युवक का रिश्ता दूसरी जगह तय होने से आहत सजातीय प्रेमी युगल की बृहस्पतिवार को तड़के ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना बलरई थाने के गोपालपुरा गांव की है। प्रेमी युगल के बुधवार की रात से लापता होने के कारण गांव में हत्या कर शव पटरी पर फेंके जाने की भी चर्चा रही। पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है।
गोपालपुर गांव के प्रेमचंद्र (20) पुत्र गया प्रसाद पाल का पड़ोस में रहने वाली नीलू (18) पुत्री लायक सिंह से प्रेम प्रसंग था। दो दिन पहले परिजनों ने प्रेमचंद्र की शादी तय कर दी थी। इस बात से प्रेमी युगल क्षुब्ध था। बुधवार रात दोनों घर से निकले तो फिर लौटकर नहीं आए। दोनों के परिजन खोजबीन में लगे थे।
बृहस्पतिवार सुबह 5:45 बजे रेलवे के गैंगमेन रामशंकर ने युवक-युवती के शव पटरी किनारे पड़े होने की सूचना बलरई थाने की पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। खबर फैलने पर परिजन और ग्रामीण भी पहुंच गए।
परिजनों ने दोनों शवों की शिनाख्त की। दोनों के सिर में चोटें आईं थीं। युवक की बनियान दोनों की आंखों पर बंधी थी। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।