कानपुर। नगर निगम और कानपुर मेट्रो कॉर्पोरेशन के बीच गुरुवार को हुई बैठक में मेट्रो निर्माण कार्यों के दौरान उत्पन्न जलभराव और अन्य समस्याओं पर चर्चा हुई। अध्यक्षता नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने की। उन्होंने नगर निगम और मेट्रो अधिकारियों को जलभराव वाले स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब की है।
अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो निर्माण कार्यों के कारण नगर निगम सीमा के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति है। जोन-5 के गोविंदनगर, नंदलाल चौराहा और सेंट्रल स्टेशन परिसर में जलभराव की समस्या है। जोन-4 के परेड चौराहा और पीपीएन मार्केट के पास तथा जोन-6 में डबल पुलिया से विजय नगर और जोन-5 में विजय नगर से सीटीआई तक जलभराव होता है। बैठक में देवकी चौराहा क्षेत्र का मुद्दा भी उठा जहां मेट्रो की खुदाई के दौरान कुछ नाले क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नालों की मरम्मत और 100 मीटर नाले की सफाई का कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने नगर निगम के सभी डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों पर मेट्रो से संबंधित सामग्री प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। नगर निगम की प्रस्तावित पार्किंग एप में कानपुर मेट्रो की पार्किंग सुविधाओं को शामिल करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि पार्किंग एप फिलहाल निविदा प्रक्रिया में है और इसके विकसित होने के बाद मेट्रो को भी इसमें जोड़ा जाएगा। बैठक में मुख्य अभियंता एसएफए जैदी, मेट्रो परियोजना निदेशक अरविंद मीना, मुख्य परियोजना प्रबंधक अजहर सरताज और उप महाप्रबंधक संचालन शिशिर कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।