कानपुर। अब एचबीटीयू के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ चिकित्सा उपकरणों की तकनीक का भी ज्ञान मिलेगा। इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, अंतिम वर्ष की परियोजनाओं और शोध कार्यों के लिए एचबीटीयू ने एसएस मेडिकल सिस्टम्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया है। एमओयू के तहत विद्यार्थियों को चिकित्सा उपकरण, डिजिटल तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने और शोध को व्यावहारिक रूप देने में मदद मिलेगी।
समझौते के तहत विद्यार्थियों के लिए ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन प्रशिक्षण के साथ इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। अंतिम वर्ष की परियोजनाओं, शोध-प्रबंध और थीसिस में भी कंपनी के विशेषज्ञ तकनीकी सहयोग दे सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रहने के बजाय उद्योग की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान पर काम करने का अनुभव मिलेगा।
दोनों संस्थान अनुप्रयुक्त अनुसंधान, प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट और प्रोटोटाइप विकास में भी सहयोग करेंगे। चिकित्सा उपकरण, स्वास्थ्य सेवा, अभियांत्रिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स, संक्रमण नियंत्रण और डिजिटल तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में संयुक्त शोध की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। विवि की प्रयोगशालाओं और परीक्षण सुविधाओं के उपयोग को लेकर भी जरूरत के अनुसार सहयोग किया जाएगा। इससे एचबीटीयू के छात्रों को चिकित्सा तकनीक के क्षेत्र में शोध, नवाचार और उद्योग आधारित परियोजनाओं से जुड़ने का नया मंच मिलेगा।
एमओयू पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमित कुमार राठौर और एसएस मेडिकल सिस्टम्स के मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. विवेक मौर्य ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान कुलपति प्रो. समशेर, प्रो. ललित कुमार सिंह, प्रो. विनय प्रताप सिंह, डॉ. नीरज मिश्रा, डॉ. मोहित निगम मौजूद रहे।