पुखरायां। नगर स्थित आरएसजीयू पीजी कॉलेज में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र से जुड़े 27211 विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें विद्यार्थियों को सिनॉप्सिस तैयार करने, प्रोजेक्ट एवं डिसर्टेशन लेखन, इंटर्नशिप और फील्ड वर्क की प्रक्रिया व उनके व्यवस्थित प्रस्तुतीकरण की जानकारी प्रदान की गई।
क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को सिनॉप्सिस का मतलब सारांश, संक्षेप, सार, कथासार, व रूपरेखा बताया। कहा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में शोध परक गतिविधियों, व्यावहारिक ज्ञान तथा परियोजना कार्य के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपने अकादमिक कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता डीजीएम डॉ. अमित कुमार बाजपेयी ने विद्यार्थियों को अपने अध्ययन में व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने को कहा। एडिशनल डायरेक्टर डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, विद्यार्थियों को असाइनमेंट, प्रोजेक्ट, डिसर्टेशन एवं अन्य अकादमिक कार्यों के प्रस्तुतीकरण और मूल्यांकन से संबंधित पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने शैक्षणिक कार्यों में गुणवत्ता, स्पष्टता, मौलिकता व निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के महत्व पर जोर दिया। यहां कन्वीनर डॉ. जयप्रकाश वर्मा, डॉ. पर्वत सिंह, क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रीना कुमारी, डॉ. अनामिका सिन्हा, सहायक कुल सचिव डॉ. निशीथ नागर आदि मौजूद रहे।