कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में छात्रों से अधिक परीक्षा शुल्क वसूले जाने के विरोध में विधि छात्र मोर्चा ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में एसीएम-6 आलोक कुमार गुप्ता को सौंपा। इसके बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर समस्या के समाधान की मांग की और इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की अपील की।
छात्र नेता अनुज त्रिपाठी ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में एलएलबी, बीएससी एग्रीकल्चर (ऑनर्स), बीटेक और बायोटेक जैसे पाठ्यक्रमों के छात्रों से निर्धारित परीक्षा शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रदेश सरकार ने परीक्षा शुल्क 1000 रुपये प्रति सेमेस्टर निर्धारित किया है और अधिकांश महाविद्यालय यह शुल्क पहले ही विश्वविद्यालय में जमा कर देते हैं। इसके बावजूद छात्रों पर अतिरिक्त शुल्क जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।
उन्होंने बताया कि एक अन्य समस्या डिग्री में होने वाली त्रुटियों से जुड़ी है। कई बार विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री में नाम या अन्य विवरण में गलती हो जाती है, जिसके सुधार के लिए छात्रों से दोबारा शुल्क वसूला जाता है। इससे छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो विधि छात्र मोर्चा बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। मौके पर एडवोकेट हेमंत यादव, अनुज तिवारी, सुमित सोनी, शिवशाम पाल, सचिन गुप्त, आकाश श्रीवास्तव, सोनल वर्मा, अमरजीत सिंह और मनीषा वर्मा सहित कई छात्र उपस्थित रहे।