कानपुर। समाज कल्याण विभाग के छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन करते समय छात्रों को तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नए आवेदन में जहां बैंक संबंधी जानकारी भरने का विकल्प नहीं आ रहा है, वहीं पोर्टल पुराने रजिस्ट्रेशन नंबर को गलत बता रहा है। इससे छात्र-छात्राओं को आवेदन की प्रक्रिया दोहरानी पड़ रही है।
छात्रों के मुताबिक छात्रवृत्ति के लिए नए आवेदन करते समय बैंक का नाम, शाखा और आईएफएससी कोड की जानकारी मांगी जाती है। पोर्टल पर आवेदन के दौरान आईएफएससी कोड दर्ज करने का विकल्प नहीं दिखाई दे रहा है। इससे छात्र असमंजस में हैं कि बैंक खाते से जुड़ी आवश्यक जानकारी किस तरह से पूरी करें।
रजिस्ट्रेशन नंबर बता रहा गलत
सबसे ज्यादा परेशानी दूसरे वर्ष या उससे ऊपर की कक्षाओं के छात्रों को हो रही है। उन्हें नवीनीकरण आवेदन के दौरान पहले से मिले छात्रवृत्ति रजिस्ट्रेशन नंबर की जानकारी दर्ज करनी होती है। छात्रों का कहना है कि सही रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करने के बावजूद पोर्टल उसे गलत बता रहा है। वहीं विभाग के अधिकारियों की ओर से छात्रों को बताया जा रहा है कि पोर्टल सही तरीके से काम कर रहा है।