कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में बीटेक के साथ माइनर कोर्स किया जा सकेगा। यह व्यवस्था नई शिक्षा नीति के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को तकनीक और शोध की अतिरिक्त जानकारी देने के साथ उन्हें रोजगार दिलाने के लिए की गई है। कोर्स तीसरे और चौथे वर्ष में किया जा सकेगा।
केमिकल इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक चंद्रा ने बताया कि बीटेक के साथ माइनर कोर्स से नौकरी के अवसर बढ़ जाएंगे। छात्रों को इंडस्ट्री विजिट भी कराई जाएगी। उन्हें पढ़ाई करने के साथ ही इंडस्ट्री रियल टाइम प्रक्रियाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर और सिस्टम के बारे में जानकारी मिलेगी। यह इस तरह से रहेगा जैसे केमिकल इंजीनियरिंग से बीटेक कर रहा छात्र कंप्यूटर साइंस, मेटेरियल साइंस, मेकेनिकल साइंस समेत अन्य ब्रांच से माइनर कोर्स कर सकेगा।
-
आईआईटी की लैब में करेंगे प्रयोग
यीआईईटी से केमिकल इंजीनियरिंग कर रहे छात्र आईआईटी की लैब में प्रयोग कर सकेंगे। सीएसजेएमयू और आईआईटी में करार हुआ है। विभागाध्यक्ष ने बताया कि आईआईटी की लैब बहुत एडवांस है। छात्रों के लिए लैब के इस्तेमाल की निशुल्क सुविधा रहेगी। विभाग में नए कोर्स भी शुरू किए गए हैं।