छिबरामऊ। गंगेश्वर नाथ मंदिर के पास कराए जा रहे तालाब के सुंदरीकरण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे बरसात के पानी में शनिवार को छात्र की डूबने से मौत हो गई। पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने एक घंटे रेस्क्यू कर छात्र को गड्ढे से बाहर निकाला। घटना के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई।
ग्राम रामपुर बैजू निवासी बबलू शर्मा का पुत्र शिवम (12) प्राथमिक स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। शाम पांच बजे शिवम दोस्तों के साथ गंगेश्वर नाथ मंदिर के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान शिवम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड टीम ने तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शिवम को पानी से बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने उसे सौ शैया अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां मीना शर्मा और परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। शिवम के दो भाई सूरज व सत्यम हैं। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पालिका पर लापरवाही का आरोप
बजरंग दल के श्यामू वर्मा ने बताया कि तीन सालों से तालाब के सुंदरीकरण का काम चल रहा है, जो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। धीमी गति से चल रहे कार्य के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। आरोप है कि तालाब के पास में जेसीबी से काफी बड़ा और गहरा गड्ढा खोद दिया गया है, जिसमें बरसात का पानी एकत्रित होने से दूसरा तालाब बन गया है। इन गड्ढों को समतल कराना जरूरी है, अन्यथा इससे भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है।