चित्रकूट जिले के मऊ विकास खंड क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय बोझ में बीते 15 जुलाई को आवारा कुत्ते के हमले में घायल हुए दो मासूम बच्चों में से एक छात्र की रविवार को इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। 8 वर्षीय मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
स्कूल परिसर में मध्याह्न भोजन के दौरान हुआ था हमला
जानकारी के अनुसार, बोझ के मजरा भटगवां स्थित प्राथमिक विद्यालय में भाष्कर द्विवेदी का 8 वर्षीय बेटा श्याम द्विवेदी कक्षा 2 और मोहन लाल की 5 वर्षीय बेटी जान्हवी पढ़ती है। बीते 15 जुलाई को दोपहर में मध्याह्न भोजन के समय अचानक एक खूंखार कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और दोनों मासूमों पर हमला कर दिया।
डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे छात्र की बिगड़ी तबीयत
छात्रा जान्हवी को कुछ दिनों बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल श्याम को 29 जुलाई को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। घर पहुंचने के बाद श्याम को तेज बुखार आने लगा। परिजन रविवार सुबह उसे दोबारा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे फिर घर भेज दिया।
18 दिन बीते, दो रिमाइंडर के बाद भी अधर में लटकी जांच
घटना के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी रंजना शुक्ला ने दो बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) सहित तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया था। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के 18 दिन बीत जाने और बीएसए द्वारा दो बार रिमाइंडर नोटिस भेजने के बावजूद जांच टीम ने अब तक अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। रिपोर्ट न मिलने के कारण लापरवाह शिक्षकों या कर्मचारियों के खिलाफ कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो सकी है।
बीएसए का बयान
बीएसए रंजना शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी और उन्हें रिमाइंडर भी भेजा गया है। रिपोर्ट मिलते ही सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी। छात्र की मौत की सूचना मिलने पर अधिकारियों को मौके पर भेजा जा रहा है, परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।