नवाबगंज (उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर नवाबगंज कस्बे के पास मंगलवार सुबह फुटपाथ पर खड़े छात्र को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। एएसपी और एडीएम ने हर संभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान करीब दो घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।
अजगैन के शिवसड़ गांव निवासी प्रदीप (17) इंटर का छात्र था। वह साथी रोहित व शुभम के साथ काम की तलाश में लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे लखनऊ के रजिस्ट्रेशन नंबर के डंपर ने प्रदीप को कुचल दिया। हादसे की सूचना पर पिता महेश, मां रेखा, छोटा भाई कुलदीप ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ ने लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर जाम लगा दिया। कई थानों की पुलिस और स्पेशल कमांडो टीम वहां पहुंच गई लेकिन परिजन उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। आठ बजे एएसपी शशि शेखर सिंह, एडीएम नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि डंपर को दही थाना पुलिस ने पकड़ लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।