यूपी के बांदा जिले में बहन की डोली सजने के दो हफ्ते पहले इंजीनियरिंग छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक पालीटेक्निक परीक्षा में पेपर ठीक न होने से परेशान था।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव में शुक्रवार को देर शाम छात्र विनय वर्मा (22) पुत्र राजेंद्र ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। पिता ने बताया कि वह पालीटेक्निक में सिविल अंतिम वर्ष का छात्र था। परीक्षा खराब होने से वह परेशान में था। बताया कि 26 अप्रैल को बहन अनूपा की शादी की तैयारियों में जुटा था।
शादी के कार्ड और अन्य तैयारियों की जिम्मेदारी उसने खुद ली थी। दहेज का कुछ सामान भी लाया था। शुक्रवार देर शाम बंद कमरे में फांसी लगा ली। पिता भुजरख में होम्योपैथी अस्पताल में फार्मासिस्ट हैं। विनय तीन भाइयों में बड़ा था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।