माध्यमिक शिक्षा परिषद इलाहाबाद बोर्ड द्वारा जिले में संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं हो रही है। परीक्षाओं को नकल विहीन व शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट मधुसूदन हुलमी ने द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट भौतिकी विज्ञान के प्रश्नपत्र दौरान परीक्षा केंद्र डीएवी का निरीक्षण किया। इस दौरान एक छात्र उत्तर पुस्तिका में 500 का नोट नत्थी करते पकड़ा गया।
परीक्षा केंद्र डीएवी इंटर कालेज में कक्ष निरीक्षकों की लापरवाही सामने आई।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण के दौरान कक्ष संख्या-3 में एक छात्र को कापी में 500 का नोट नत्थी करते पाया गया। कक्ष संख्या-5 के निरीक्षण में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बच्चों को प्रश्पपत्र बदलते हुए पाया। इस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि उनसे पहले किसी भी कक्ष निरीक्षक ने परीक्षार्थियों की कापी चेक नहीं की।
इससे कालेज के प्रधानाचार्य की लापरवाही सामने आई। कक्ष संख्या तीन में ड्यूटी पर तैनात डीएवी कालेज के वेदप्रकाश तथा सरस्वती ज्ञान मंदिर के संतोष कुमार तथा कक्ष-5 में तैनात डीएवी इंटर कालेज के रघुवीर शरण तथा शिशु शिक्षा निकेतन के रहमत खां को उनकी लापरवाही के लिए चेतावनी दी। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जिला विद्यालय निरीक्षक को कक्ष निरीक्षकों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।