ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद
महोबा में झांसी से इलाहाबाद जा रही पैसेंजर ट्रेन में सीट में बैठने को लेकर यात्रियों में विवाद हो गया। ट्रेन के हरपालपुर रेलवे स्टेशन में रुकने पर कई युवकों ने ट्रेन की बोगी में पथराव कर दिया और अंदर घुसकर यात्रियों से मारपीट कर उनका सामान लूट लिया। मारपीट व पथराव में तीन लोग घायल हो गए। घटना से गुस्साए यात्रियों ने ट्रेन की पटरी में बैठकर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की।
बाद में पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान करीब 45 मिनट तक पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही। जनपद महोबा के कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम ननौरा टपरियन के करीब आधा सैकड़ा लोग दो माह पहले ईंट-भट्टा में काम करने के लिए पंजाब गए थे। शुक्रवार को सभी मजदूर ट्रेन से झांसी लौटे और झांसी से महोबा के लिए झांसी-इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी में सवार हो गए।
महोबा की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के हरपालपुर रेलवे स्टेशन का मामला
रास्ते में एक युवक से सीट में बैठने को लेकर विवाद हो गया। जिले से 40 किमी दूर हरपालपुर स्टेशन पर युवक ने फोन कर अपने कई साथियों को स्टेशन पर बुला लिया। जैसे ही हरपालपुर स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो युवक के उतरते ही उसके साथियों ने बोगी में पथराव कर दिया। जिससे यात्रियों में भगदड़ मच गई। बाद में युवकों ने बोगी में घुसकर मारपीट की और सामान लूटकर भाग निकले।
मारपीट व पथराव की घटना में ओमप्रकाश (24), किशन (21) व गिरजारानी (26) का सिर फट गए। घटना से आक्रोशित मजदूरों ने बोगी से उतरकर ट्रेन के आगे पटरी पर बैठ गए। आरोप लगाया कि मारपीट के बाद अज्ञात लोग पांच लाख रुपये से अधिक नगदी व सामान ले गए है। सूचना मिलते ही जीआरपी व हरपालपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
पैसेंजर ट्रेन में पथराव व मारपीट के बाद यात्रियों का सामान लूटा
इस दौरान सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर स्टेशन पहुंची ट्रेन 10 बजे 45 मिनट देरी से गंतव्य के लिए रवाना हो सकी। स्टेशन मास्टर हरपालपुर आर के मिश्रा का कहना है कि ट्रेन में युवकों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस को मौके पर बुलाया गया।
जिससे ट्रेन करीब 40 मिनट खड़ी रही। वहीं हरपालपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष भुवनेश शर्मा का कहना है कि सीट को लेकर विवाद होने पर अज्ञात लोगों ने मारपीट की। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है। जीआरपी सतना को मामले से अवगत कराया गया है।