बोगियों की खिड़की व दरवाजे क्षतिग्रस्त
जब उन्होंने ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, तो उन्हें दरवाजे बंद मिले। आक्रोशित यात्री उग्र हो गए और डिब्बों पर पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने ट्रेन के दरवाजों की खिड़कियां भी तोड़ दीं, इससे अंदर बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई बोगियों की खिड़की व दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रेन पहले से सवार थी। बोगियों में बैठे यात्रियों ने पैर रखने की भी जगह न होने पर दरवाजे बंद कर लिए थे। प्रयागराज जाने वाले लोग जब बोगी में नहीं चढ़ सके, तो उन्होंने तोड़फोड़ की।
आक्रोशित लोगों को शांत कराकर ट्रेन रवाना की गई
सूचना मिलते ही जीआरपी व आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करते हुए शांत कराया। तब एक घंटे बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई। हरपालपुर थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा का कहना कि आक्रोशित लोगों को शांत कराकर ट्रेन रवाना की गई। पथराव करने वाले लोगों को चिंहित किया जा रहा है। उधर, उत्तर-मध्य रेलवे झांसी के पीआरओ मनोज कुमार का कहना है कि अंदर से गेट बंद होने पर यात्रियों ने हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर ट्रेन रवाना की।
कुछ यात्रियों को आईं मामूली चोटें
एक वीडियो में एक यात्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ट्रेन कल रात झांसी स्टेशन से प्रयागराज के लिए रवाना हुई। ट्रेन हरपालपुर पहुंची और हमला हो गया। लोगों ने ट्रेन को क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर पत्थर फेंके। उन्होंने यात्रियों को मारने की कोशिश की। यहां महिलाएं व बच्चे हैं, जो डरे हुए हैं। कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं।