कानपुर शहर के साथ ही पूरे प्रदेश में शराब माफिया एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ईएनए) नकली शराब बनाने वालों सप्लाई कर रहे हैं। एसटीएफ ने इसका खुलासा सोमवार को बिधनू में सरगना और उसके भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कंटेनटर में छह हजार लीटर एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (स्प्रिट) बरामद हुआ है। इसी खेप से शराब माफिया को डेढ़ करोड़ की आमदनी होती।
एसटीएफ प्रभारी घनश्याम यादव ने टीम के साथ बिधनू में मडियारा तिराहे के पास ललेडी गन्नौर हरियाणा निवासी सरगना सुल्तान सर्वजीत, उसके भाई मेहरदीन, गन्नौर के और बिन्नी और उसके साथी बर्रा के अंकित सचान को कंटेनर के साथ पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल और केमिकल लाकर अवैध शराब बनाने वालों को सप्लाई करते थे। दोनों ने नकली शराब बनाने वाले कई माफियाओं के नाम व पते बताए हैं, जिनकी एसटीएफ ने तलाश शुरू कर दी है।
बताया कि तस्कर हाइवे पर कंटेनर खड़ा कर देते थे। इसके बाद शराब माफिया से जुड़े शातिर जरीकेन में अल्कोहल भर-भरकर कार से ले जाते थे। अंकित के ऑर्डर पर आरोपी माल लेकर शहर आ रहे थे। एसटीएफ के मुताबिक आरोपी यूपी, एमपी, राजस्थान, छत्तीसगढ़, समेत कई राज्यों में शराब माफिया को यह अल्कोहल की सप्लाई करते थे। बिधनू थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद आरोपियों को थाना पुलिस के हवाले कर दिया।