यूपी पुलिस ने कुख्यात डकैत के शार्प शूटर को आधे घंटे की मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। चित्रकूट जिले के इटवां जंगल में गुरुवार सुबह 55 हजार के इनामी डाकू गोप्पा गैंग की पुलिस व एसटीएफ से मुठभेड़ हो गई थी। आधे घंटे से ज्यादा देर तक दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग में डकैत भाग खड़े हुए और सभी जंगल की ओर भागने लगे लेकिन पुलिस टीम ने दौड़ाकर एक 12 हजार के इनामी खरदूषण को दबोच लिया। गैंग के इस शार्प शूटर के कब्जे से एक रायफल, तमंचा व आधा दर्जन कारतूस बरामद हुए। इस डाकू पर हत्या लूट धमकी के ढाई दर्जन मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार रैपुरा थानाक्षेत्र के इटवां के जंगल में डाकू गोप्पा गैंग की मौजूदगी की सूचना पर एसटीएफ इलाहाबाद की टीम ने रैपुरा थाना पुलिस के साथ बुधवार की देर रात को घेराबंदी शुरु की। डाकुओें ने जयंती बांध के पास डेरा जमाया था। दो पुलिस की टीमें दो तरफ से घेराबंदी कर आगे बढ़ रहीं थी तभी डकैतों को पुलिस के होने का अहसास हो गया और पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी।फायरिंग होते ही जवाबी कार्रवाई कर पुलिस टीमें आगे बढ़ी। दोनों ओर से आधे घंटे तक आठ राउंड फायरिंग हुई।
कुछ देर बाद डाकू गोप्पा समेत कई अन्य सदस्य अंधेरे में पहाड़ की ओर भागने लगे तब पुलिस टीम ने झाड़ियों के पास एक डकैत को जिंदा पकड़ लिया। थानाध्यक्ष मनोज शुक्ला ने बताया कि पकड़ा गया डाकू भइयन उर्फ खरदूषण उर्फ टाइगर पुत्र हीरालाल यादव निवासी नेउरा मऊ है। इस पर 12 हजार का इनाम घोषित है। यह डाकू गौरी यादव और डाकू गोप्पा गैंग के साथ रहता था। यह इन गैंग का मुख्य शूटर भी था। इसके कब्जे से एक देशी रायफल, एक तमंचा, आधा दर्जन कारतूस बरामद हुए हैं। इस पर हत्या, डकैती, धमकी, अपहरण व मुठभेड़ के ढाई दर्जन मुकदमें जिले के कई थानों में दर्ज हैं।