कानपुर। राष्ट्रीय डेफ चैंपियनशिप के लिए हुए ट्रायल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कोच ने उन्हें बधाई दी है।
अखिल भारतीय बधिर क्रीड़ा परिषद की ओर से बेंगलूरु में तीन और चार जुलाई को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज और टेबल टेनिस के ट्रायल्स का आयोजन किया गया, जिसमें डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के 12 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। इनमें पांच खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर भारतीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश की। रोहित यादव ने जेवलिन थ्रो, रिदम शर्मा ने 400 मीटर हर्डल्स और विवेक राणा ने 800 मीटर दौड़ में उपविजेता रहते हुए प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वहीं आदित्य यादव ने बैडमिंटन स्पर्धा में खिताब अपने नाम किया, जबकि आशुतोष शुक्ला ने सीनियर पुरुष शतरंज वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। ट्रायल्स के आधार पर तीन से 10 अक्टूबर तक मलेशिया के पेनांग में होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम का चयन किया जाएगा। डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव सौरभ श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों की सफलता खुशी जाहिर की है।