स्टेट जीएसटी की विशेष जांच शाखा के अधिकारियों ने रविवार को कालिंदी एक्सप्रेस में छापा मारकर बिना बिल के लाया जा रहा 59 नग माल बरामद किया। अब तक माल का कोई दावेदार सामने नहीं आया है। अधिकारियों के अनुसार दलालों के माध्यम से माल शहर लाया गया है।
ट्रेन कीएसएलआर बोगी से माल के उतरते ही छापा मारा गया। 59 नगों में सिले हुए कपड़े (रेडीमेड), इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक उत्पाद बरामद हुए। जांच-पड़ताल में किसी किस्म का कोई बिल-कागज नहीं मिला। न ही किसी ने माल पर मालिकाना हक जताया। टैक्स चोरी का माल मानते हुए जब्त कर लिया गया।
विभाग के संयुक्त आयुक्त एसके सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उप आयुक्त वामदेव त्रिपाठी शामिल रहे। संयुक्त आयुक्त के अनुसार दावेदारों के सामने आने पर नियमों के तहत 100 प्रतिशत पेनाल्टी लगेगी। कोई दावेदार सामने नहीं आया तो माल की नीलामी होगी।