कोरोना वायरस के संकट से बचाने के लिए इससे जुड़े उपकरणों को लेकर अगर किसी छात्र के पास कोई इनोवेटिव आइडिया है तो वह सीएसजेएमयू के यूआईईटी विभाग की ओर से आयोजित कोरोना वायरस चैलेंज प्रतियोगिता में भाग ले सकता है।
इसके लिए http://srijansanchar.com/coronavirus-challenges-for-cure/ वेबाइट पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इसमें बेस्ट इनोवेटिव आइडिया को पुरस्कार के साथ फंडिंग भी मिलेगी। कोरोना के मद्देनजर लॉकडाउन होने से सभी शैक्षिक संस्थान बंद हैं। इस बीच सीएसजेएमयू ने इनोवेटिव आइडिया वाले छात्रों को कोरोना वायरस चैलेंज के लिए आमंत्रित किया है।
इसमें आवेदन की कोई अंतिम तिथि नहीं है। छात्र जब भी आवेदन करेंगे उनका चैलेंज शुरू हो जाएगा। आयोजक डॉ. राशि अग्रवाल ने बताया कि टॉप इनोवेटिव आइडिया वाले छात्रों को अगर प्रजेंटेशन के लिए लैब की जरूरत होगी तो वह भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें छात्र-छात्राओं के अलावा पैरामेडिकल स्टाफ, रिसर्चर, संस्थान से जुड़े अन्य लोग भी आवेदन कर सकते हैं।
छात्र कोरोना से बचाव के लिए मास्क, सैनिटाइजर, वेंटिलेटर आदि के लिए आइडिया प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए विवि के पास दो लाख से अधिक का बजट है। उन्होंने बताया कि विवि की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता ने भी इसकी सराहना की है। साथ ही जरूरत पड़ने पर और फंड मुहैया कराने को कहा है।