शूटिंग में कानपुर का मसाला ऐसा लगा कि टीवी सीरियल ‘प्यार के पापड़’ की स्टारकास्ट कनपुरिया भाषा की मुरीद हो गई। सीरियल की कहानी ही कुछ ऐसी चटपटी है कि हर कोई इसे देखकर हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएगा। ऐसा कहना है शो के प्रोड्यूसर अनिरुद्ध मदेसिया का। मूल रूप से कानपुर के यशोदा नगर निवासी अनिरुद्ध ने बताया कि शो की कहानी कानपुर पर आधारित है, जिसमें यहां की रंगबाजी दिखाई गई है।
सोमवार को सीरियल के कलाकार अमर उजाला, कानपुर के दफ्तर पहुंचे। ओमकार का रोल निभा रहे अभिनेता आशय मिश्रा और शिविका का रोल निभा रहीं मुख्य अभिनेत्री स्वरा थिंगले ने यहां कुछ दिलचस्प किस्से भी साझा किए। नौ दिन तक शहर की कई लोकेशनों पर इस सीरियल की शूटिंग की गई। सीरियल की शूटिंग मुंबई और कानपुर में हो रही है। प्रोड्यूसर अनिरुद्ध ने बताया कि ‘प्यार के पापड़’ सीरियल की कहानी कानपुर परमट इलाके के एक परिवार की है। ओमकार बनारस से आकर कानपुर में बसी शिविका से प्यार करने लगता है।
फरवरी में स्टार भारत चैनल पर दिखाया जाएगा सीरियल
सीरियल के प्रोड्यूसर अनिरुद्ध कहानी के बारे में जानकारी देते हुए
ओमकार अपनी प्रेमिका शिविका से भागकर शादी करने की बजाय प्रेम प्रसंग में बाधा बने अपने ससुर को मनाने की कोशिश करते हैं। अनिरुद्ध बताते हैं यह तो जग जाहिर है कि कानपुरवाले जिसका हाथ एक बार थाम लेते हैं, उसका हाथ जीवन पर थामे रखते हैं। इसमें भी वह समाज की लोक-लाज का पूरा ध्यान भी रखते हैं। सीरियल की कहानी दोनों की दिलचस्प प्रेम कहानी पर केंद्रित है। स्टार भारत चैनल पर फरवरी में सीरियल दिखाया जाएगा।
कानपुर के बारे में खूब सुना था, यहां आकर शहर को समझाः स्वरा
आशय और स्वरा
पुणे में जन्मीं एक्ट्रेस स्वरा थिंगले ने बीए हिंदी से पढ़ाई पूरी करने के बाद खुद को कला के प्रति समर्पित कर दिया। स्वरा बताती हैं कि उनकी मराठी जुबान जरूर है लेकिन हिंदी में उनकी पकड़ बहुत अच्छी है। स्वरा ‘प्यार के पापड़’ सीरियल से पहले 'सावित्री देवी कॉलेज एंड हॉस्पिटल' और 'थोड़ा तुझा थोड़ा मजा' में भी काम कर चुकी हैं। स्वरा ने कहा कि उन्हें कानपुर के लोगों की बातचीत का तरीका बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कई कनपुरिया शब्दों को भी सीख लिया है जैसे-रंगबाजी, भोकाली, लल्लनटाप, कंटाप आदि।
रोमांस विद कॉमेडी यानी प्यार के पापड़ः आशय
आशय और स्वरा
बिलासपुर छत्तीसगढ़ निवासी आशय मिश्रा एक्टर होने के साथ-साथ स्पोर्ट्स प्लेयर भी हैं। सीरियल ‘प्यार के पापड़’ में वह ओमकार का किरदार निभा रहे हैं। आशय ने बताया कि उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का शौक था। कॉलेज टाइम से थिएटर कर रहे हैं। ऑडिशन पास करने के बाद उन्हें इस सीरियल में काम मिल गया। यह आशय का पहला सीरियल है। कानपुर से जुड़े अपने ताजा अनुभव साझा करते हुए आशय ने कहा, 'यहां आकर ऐसा कभी भी नहीं लगा कि किसी दूसरे शहर में हूं, शूटिंग के दौरान कानपुर के लोगों की हंसी-ठिठोली और प्यार ने मुझे अपना बना लिया।'