गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर सिढि़यों को तोड़ा जा रहा है
- फोटो : अमर उजाला
अटल घाट पर जिन सीढ़ियों पर चढ़ते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लड़खड़ाए थे, उनकाे तोड़ दिया गया है। उन सीढ़ियों का फिर निर्माण होगा। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत बनाई गई इस असमान सीढ़ी की ऊंचाई को ठीक किया जा रहा है। इसके अलावा सभी सीढ़ियों के उन हिस्सों को बराबर किया जा रहा है, जो बाहर निकले हैं।
इन सीढ़ियों का निर्माण कराने वाली कंपनी इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ही इनका सुधार करा रही है। अटल घाट पर बनाई गई सीढ़ियों पर कई की ऊंचाई असमान है। असमान ऊंचाई के कारण इन सीढ़ियों पर लोगों के गिरने का डर बना रहता है। साथ ही सीढ़ियों पर पैर रखने वाले हिस्सों के पत्थर बाहर निकले हुए हैं।
इसी माह नमामि गंगे प्रोजेक्ट की बैठक के लिए शहर आए प्रधानमंत्री असमान ऊंचाई और सीढ़ियों से बाहर निकले हिस्से पर लड़खड़ाए थे, जिन्हें एसपीजी कर्मी ने तुरंत संभाल लिया था। इसके बाद हुई पड़ताल में पता चला था कि बोट क्लब की ओर तीसरी रैंप की नौवीं सीढ़ी की ऊंचाई असमान है।
इस पर कमिश्नर डॉ. सुधीर एम.बोबडे ने सीढ़ियों के सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बाद ईआईएल ने काम शुरू कराया है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर तनवीर के मुताबिक असमान ऊंचाई वाली सीढ़ी का सुधार करा दिया गया है। बाहर निकले हिस्सों को भी बराबर किया जा रहा है।