होली पर्व पर मेवा बाजार में महंगाई का तड़का लगा है। बादाम, मखाना और गरी गोला के दामों में खासी तेजी है। कुछ समय पहले बादाम 480 रुपये किलो था। अब 500 से 515 रुपये किलो में बिक रहा है। अच्छी क्वालिटी के मखाना के दाम आसमान पर पहुंच गए है।
गिरी गोले के भाव में भी तेजी है। हालांकि अन्य मेवा के भाव स्थिर हैं। दि किराना मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश बाजपेयी ने बताया कि अमेरिका और आस्ट्रेलिया से बादाम आता है। कोरोना के चलते सप्लाई पर असर पड़ा है। त्योहारी मांग के चलते भाव तेज हैं।
डीजल महंगा होने से दूसरे राज्यों से आने वाले उत्पाद महंगे हो गए हैं। मखाना के दाम 550 रुपये किलो से बढ़कर क्वालिटी के अनुसार 600 से 675 रुपये किलो हो गए हैं। गरी गोला का भाव प्रति किलो 25 रुपये बढ़ गया है। पहले भाव 100 रुपये किलो था। कारोबारी विश्वनाथ गुप्ता ने बताया कि छुआरा 60 से 225 रुपये किलो है।
किशमिश 140 से 210 रुपये व चिरौंजी 1150 से 1200 रुपये किलो है। इनके भाव में हल्की तेजी आई है। काजू के भाव 400 से 600 रुपये किलो हैं। उन्होंने बताया कि मेवे वाली गुझिया अब चलन में हैं। इसके अलावा अलग-अलग प्रकार की नमकीन बनाने में भी मेवा का इस्तेमाल होता है। ऐसे में इस बार भावों में अंतर दिखेगा।