कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के न्यूरो साइंसेस के स्पाइनल सर्जरी विभाग में रोगियों को विशिष्टता वाला इलाज मिलेगा। रोगियों के ऑपरेशन, इलाज सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर ही करेंगे। साथ ही पैरा मेडिकल स्टाफ भी स्पाइनल के मामले में प्रशिक्षित रहेगा। आसपास के जिलों के डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे रोगियों को उनके क्षेत्र में ही न्यूरो का शुरुआती इलाज मिल जाए। मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी, न्यूरो साइंसेस के प्रमुख एवं प्रोफेसर डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि फेलोशिप ऑफ नेशनल बोर्ड (एफएनबी) की सीटें भर गई हैं। यह फेलोशिप स्पाइनल सर्जरी में दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्पाइनल कॉर्ड की सर्जरी से जुड़े अत्याधुनिक उपकरण विभाग में उपलब्ध हैं। स्पाइन सेंटर के कार्यों में तेजी आएगी। रोगियों का इलाज और शिक्षण कार्य दोनों होंगे। सेंटर देश-विदेश के प्रख्यात चिकित्सा संस्थानों से जुड़ा रहेगा। ब्यूरो