कल्यानपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब सात बजे नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए। घायलों में चार पुरुष, एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं। सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, कानपुर से फतेहपुर की ओर जा रहा कंटेनर (आरजे 29 जीए 9818) हाईवे की मध्य लेन में चल रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार (जीजे 18 बीएम 2396) अनियंत्रित होकर कंटेनर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार सभी सात लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और कार को सड़क किनारे करा दिया गया। इससे हाईवे पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ और आवागमन सुचारु रूप से चलता रहा।