ताखा। तेज रफ्तार कार ने तीन बाइकों में टक्कर मार दी। बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें वृद्ध दपंती सहित तीन लोगों की हालत गंभीर है। कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के सरसई नावर मार्ग पर रविवार दोपहर कस्बा में सरसई नावर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार के चालक ने आगे चल रही तीन बाइकों में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सौ से अधिक की स्पीड में दौड़ रही थी। कार के चालक ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए। चारों तरफ घायलों को जमीन पर तड़पता देख कार चालक मौके से भाग गया। बाइक पर बैठीं दो बहनें निशू व शिखा पुत्री राकेश पाल निवासी हटीला को मामूली चोटें आईं। दूसरी बाइक पर जा रहे रहीस पुत्र मुख्तियार निवासी मुरादाबाद गंभीर घायल हो गए। र
हीस इस समय चौपुला में रहकर क्षेत्र में फेरी लगाकर दरी बेचते हैं। जबकि तीसरी बाइक पर जा रहे वृद्ध दंपती सहदेव व उनकी पत्नी फूलन देवी निवासी नगला हिम्मत गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी सरसई नावर भेजा, जहां गंभीर घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी वेचन कुमार सिंह ने बताया कि कार सवार ने तीन बाइकों में टक्कर मारी है। चालक मौके से भाग गया है। गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। कार व क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया गया है।