कानपुर देहात। कानपुर-झांसी हाईवे पर भोगनीपुर थाना क्षेत्र के मावर गांव के पास मंगलवार रात करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रैश बैरियर कार के भीतर घुसकर कई मीटर बाहर निकल गया। हादसे में कानपुर के कार सवार दो लोगों अजय कुमार और सुनील कुशवाहा की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर में भर्ती कराया गया है।
कानपुर के दादानगर निवासी घायल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि वह शीशे लगाने का काम करते हैं। मंगलवार को वह अपने साथियों विशाल निवासी डबल पुलिया काकादेव, राजेश कुमार निवासी राजपुरवा (जेके मंदिर के पास), सुनील कुशवाहा (38) निवासी डंडी वाड़ी, गंगा बैराज के पास, थाना नवाबगंज और अजय कुमार (35) निवासी 3ए/5 पहलवानपुरवा, थाना नवाबगंज के साथ जालौन में ठेकेदारी पर काम करने गए थे।
बताया की अजय पेंटर का काम करता था और सुनील पत्थर लगाने का काम करता था। मंगलवार रात को वह लोग कार से कानपुर लौट रहे थे। कार वह स्वयं चला रहे थे। बारिश के चलते अगले शीशे पर भाप बनने की वजह से ज्यादा साफ नहीं दिख रहा था। मावर स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर आए मवेशी को बचाने में वह कार से नियंत्रण खो बैठे और कार हाईवे किनारे लगे क्रैश बैरियर से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैरियर कार के अगले हिस्से को चीरता हुआ पीछे से बाहर निकल गया।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज अकबरपुर भिजवाया। वहां डॉ. निशांत पाठक ने अजय कुमार और सुनील कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। सत्येंद्र सिंह, विशाल और राजेश कुमार का उपचार चल रहा है। भोगनीपुर थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में जांच पर घायलों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।