दिवाली में तेज आवाज वाले पटाखे छुड़ाने वालों को इस बार मायूसी मिलेगी। दरअसल, कंपनियों ने इस बार कम आवाज और कम धुएं वाले पटाखे बाजार में उतारे हैं। इस बार 240 शॉट वाला आसमानी पटाखा काफी डिमांड में है। यह 40-50 फीट जाकर सतरंगी रोशनी छोड़ता है। इसके अलावा अन्य कई तरह के पटाखे भी पसंद किए जा रहे हैं।
डेमो पिक
कानपुर आतिशबाजी उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू शम्शी ने बताया कि इस बार ब्रांडेड कंपनी ईगल, सोनी, स्टैंडर्ड, कॉक, मगर ने 35-40 फीसदी कम आवाज और धुआं छोड़ने वाले पटाखे बाजार में उतारे हैं। पटाखा बाजार में जो भी पटाखे हैं वो शिवकाशी के बने हैं। जहां पर प्रदूषण विभाग द्वारा तय मानक के आधार पर तैयार माल बनाकर भेजा गया है। उपाध्यक्ष मसूद ने बताया कि स्काई ब्लूम, क्रैकलिंग वार, सिल्वर कॉमेट, राइडर, ब्लैक एंड व्हाइट, अवतार, गोल्डन आई जैसे आसमान में जाकर दगने वाले पटाखों की ज्यादा मांग है। इसके अलावा अनार, फुलझड़ी, फिरंगी की भी अच्छी मांग है। फुलझड़ी 20-80 रुपये प्रति डिब्बा, अनार 120-400 और फिरंगी 100-180 रुपये प्रति पैकेट में बिक रहा है।
डेमो पिक
असली दिखने वाली रिवाल्वर
बाजार में बिल्कुल असली दिखने वाली एल्युमिनीयम की बनी रिवाल्वर आई है। इसका आकार असली रिवाल्वर से कुछ कम है। भार करीब 400 ग्राम है। इसके अलावा सिलेंडर में छह आवाज करने वाले छर्रे भी लगते हैं। इसकी कीमत 550 रुपये है। इसके अलावा पिस्टल जैसी दिखने वाली प्लास्टिक की गन भी बाजार में है। इनकी कीमत 90 रुपये से शुरू है।