कानपुर देहात। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि शनिवार व रविवार को नगरीय क्षेत्र में विशेष शिविर लगाकर मतदाताओं को सहूलियत दी जाएगी।
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2025 की प्रक्रिया चल रही है। प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं। डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र ऑफलाइन या फिर ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि 90 फीसदी से अधिक मतदाताओं का डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग का शेष कार्य बीएलओ स्तर पर अपेक्षित है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों से अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं उनमें प्रथम दृष्टया संभावना है कि संबंधित मतदाता किसी अन्य स्थान पर पंजीकृत हैं। बीएलए/बीएलओ द्वारा घर-घर वितरण के उपरांत भी मतदाता द्वारा गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने में रुचि नहीं ली गई है। या फिर मतदाता एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत) श्रेणी में आ चुके हैं। सभी दल 11 दिसंबर 2025 से पूर्व बीएलओ के माध्यम से अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत श्रेणी की सूची का भौतिक सत्यापन कर लें ताकि कोई पात्र गणना प्रपत्र भरने से वंचित न रह जाए। नौकरीपेशा व उद्यमी वर्ग की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शनिवार एवं रविवार को नगरीय क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के लिए पृथक से अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।
उन्होंने अपील की कि यदि किसी भी नौकरीपेशा या उद्यमी मतदाता ने अब तक अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराया है, तो वह तत्काल गणना प्रपत्र भरकर दे दें। जिला कॉन्टैक्ट सेंटर/मतदाता हेल्पलाइन नंबर 05111–297056 तथा टोल-फ्री नंबर 1950 पर कोई भी मतदाता मतदाता सूची, सुधार, पंजीकरण अथवा निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकता है। यहां एडीएम प्रशासन अमित कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अवनीश कुमार, शालिनी उत्तम, विभिन्न पार्टी के प्रतिनिधिगण बीजेपी से श्यामू शुक्ला, समाजवादी पार्टी से शेखू खान, डॉ नरेंद्र सिंह, बृजमोहन यादव, कांग्रेस पार्टी से गोविंद यादव, सीपीआई से रामऔतार भारती, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरवर प्रसाद आदि रहे।