सीएसए कैंपस में फूंका गया अमित शाह का पुतला
बाबा साहब पर की गई अमित शाह की टिप्पणी से नाराज एनएसयूआई के सदस्यों ने कैंपस में कर्पूरी हॉस्टल के सामने गृहमंत्री का पुतला फूंका। छात्रों ने जयभीम के नारे भी लगाए। हाथों में बाबा भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लिए छात्रों ने गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की। कैंपस में पुतला फूंकने की भनक से विवि पूरी तरह से अंजान रहा।
अधिवक्ताओं ने फूंका गृहमंत्री का पुतला
राज्यसभा में गृहमंत्री अमित शाह की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर पर की गई टिप्पणी के विरोध में आक्रोशित अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अमित शाह का पुतला फूंका। अधिवक्ताओं ने अमित शाह माफी मांगो, बाबा साहब अमर रहें के नारे लगाते हुए अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। डॉ. आंबेडकर अधिवक्ता समिति ने प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी। अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में डॉ.आंबेडकर के खिलाफ टिप्पणी करने, उनकी प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने या संविधान के प्रति असंवैधानिक कार्य करने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाए।
भाजयुमो का प्रदर्शन, गृहमंत्री पर आरोप निराधार
भाजयुमो ने जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा की अगुवाई में गुरुवार को गृह मंत्री अमित शाह को लेकर कांग्रेस के बयान के खिलाफ तिलक हॉल के सामने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा सांसदों के साथ धक्कामुक्की करने की भर्त्सना की गई। इस मौके पर पुतला दहन भी किया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया है, जो कि बिल्कुल निराधार और झूठा है। अमित शाह ने कभी भी डॉ. भीमराव आंबेडकर के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है। कांग्रेस का यह कदम केवल राजनीति का एक हिस्सा है। विरोध प्रदर्शन में अंकित गुप्ता, नितेश, हर्ष, अनुराग माधव, शिवम, उत्कर्ष, चंद्रकांत अंकित आदि रहे।