पुखरायां। समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के साथ समाज के सभी वर्गों के सम्मान और हित की बात करती है। पार्टी सर्वसमाज के विकास और कल्याण के लिए कार्य करती है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ता मनोयोग से जुट जाएं। पार्टी की नीतियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाएं। ये बातें शुक्रवार को भोगनीपुर स्थित गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अबकी बार सपा की ही सरकार बनेगी। विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं की सक्रियता महत्वपूर्ण है। हर व्यक्ति को पार्टी की नीतियों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ बब्लू राजा सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। भोगनीपुर विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री, सीमा यादव, अजय कुमार, सोनू यादव, गंगा यादव, अजय यादव आदि मौजूद रहे। (संवाद)