यूपी के इटावा जिले में थाना बकेवर क्षेत्र के गांव अंदावा में सपा समर्थकों ने प्रधान के भाई को केवल इस बात पर पीट दिया कि वह भाजपा का समर्थक है। दबंगों ने उसे लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। घायल को डॉक्टरी कराने के लिए भेजा गया है।
ग्राम प्रधान अंदावा गजराज सिंह ने बताया कि उसका भाई मदन सिंह पुत्र कांशीराम अपने ट्यूबवेल पर था। गांव के ही दबंगों ने गाली गलौज करते हुए कहा कि तुम भाजपा का समर्थन करते हो। अब जय भीम, जय समाजवाद कहना होगा अथवा गांव में नहीं रहने दूंगा। न ही वोट डालने दूंगा।
मदन ने विरोध किया तो शराब के नशे में धुत दबंगों ने उसे लाठी डंडों से मारपीट कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया। वहीं थाना प्रभारी एसके त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।