एआरटीओ कार्यालय में अनाधिकृत लोगों को निकलवाया बाहर
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद में आरआई को चर्चित दलाल के धमकी देने के मामले में एआरटीओ कार्यालय पहुंचे एसपी ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले जान लें अभी एसपी मैं ही हूं। इस बार घर से खिंचवा कर गिरफ्तार कराऊंगा।
उन्होंने एआरटीओ व आरआई को भयमुक्त होकर काम करने के लिए कहा। एसपी ने कार्यालय के अदंर बिना काम के खड़े युवकों को बाहर निकलवाया और चेतावनी दी कि भविष्य में यहां मिले तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिनों पहले एक चर्चित दलाल ने आरआई जीवन कुमार को मोबाइल पर कॉल करके फाइलों पर हस्ताक्षर न करने पर जान माल की धमकी दी थी। इसकी शिकायत आरआई ने विभाग व प्रशासन के अधिकारियों से की थी। सोमवार को एसपी डॉ. अनिल मिश्रा एआरटीओ कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने लाइसेंस के पटल पर लाइन में लगे लोगों के कागजात देखे। कुछ युवक बिना काम के अंदर बैठे थे। इस पर एसपी नाराज हुए और सिपाहियों को उनको निकालने के निर्देश दिए। साथ ही दोबारा नजर आने पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। एसपी ने एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय व आरआई जीवन कुमार से एकांत में वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद बाहर निकले एसपी ने बताया कि धमकी देने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दलाल दुकानें बंद कर भागे
एसपी के एआरटीओ कार्यालय में आते ही बाहर दुकान सजाए बैठे दलालों में हड़कंप मच गया। दलाल अपनी दुकानें बंद करके बाइकों से तेजी से निकल गए। चंद मिनटों में कार्यालय के बाहर सन्नाटा पसर गया। एसपी के जाने के बाद ही दलाल लौटे और काफी देर तक आफिस के अंदर नहीं गए।
चार दिन बाद शुरू हुआ काम
चार दिन से दलालों का काम पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इसको लेकर एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय और आरआई ने रविवार को कर्मचारियों के साथ बैठक की थी। एआरटीओ ने बताया कि आवेदकों का काम कभी बंद नहीं था। सोमवार से सभी काम फिर से सुचारु रूप से शुरू करवा दिए गए हैं।