समाजवादी पार्टी की ओर से नीट परीक्षा में गड़बड़ी, छात्र आंदोलन और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को कानपुर के ऐतिहासिक फूलबाग मैदान में सत्याग्रह आंदोलन प्रस्तावित था। हालांकि, सत्याग्रह शुरू होने से ठीक पहले ही कानपुर पुलिस-प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए समाजवादी पार्टी के कई प्रमुख नेताओं की घेराबंदी कर दी।
विधायक अमिताभ बाजपेयी आवास पर हाउस अरेस्ट
सत्याग्रह में शामिल होने की तैयारी कर रहे आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेयी को पुलिस ने उनके आर्यनगर स्थित आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया। इससे पहले वह सीएसए (CSA) परिसर स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पहुंचे थे और श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इसके बाद जैसे ही वह फूलबाग में आयोजित सत्याग्रह में शामिल होने के लिए निकलने वाले थे, तभी पुलिस बल ने उन्हें उनके आवास पर ही रोक दिया और बाहर नहीं निकलने दिया।
रोके गए नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद
उधर, सपा नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद को पुलिस ने उनके दूध वाला बंगला स्थित आवास से फूलबाग सत्याग्रह के लिए निकलते समय रोककर हाउस अरेस्ट कर दिया। उनके साथ मौजूद अन्य सपा कार्यकर्ताओं को भी घर से बाहर जाने से पूरी तरह रोक दिया गया।
पुलिस बल तैनात, कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश
सपा शीर्ष नेतृत्व की गिरफ्तारी और परीक्षा धांधली के खिलाफ प्रस्तावित इस सत्याग्रह को विफल करने के लिए पुलिस ने दोनों प्रमुख नेताओं के आवासों के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। नेताओं को उनके घरों में ही नज़रबंद किए जाने की खबर फैलते ही सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।