कानपुर। छात्रा संस्कृति सविता की आत्महत्या प्रकरण में रविवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला और हालात की जानकारी ली। सपा नेताओं ने बताया कि परिवार वालों ने शिक्षिकाओं के खराब व्यवहार और मामले में पुलिस की टालामटोली की शिकायत की। उनका आरोप था कि विद्यालय में उत्पीड़न किए जाने से वह क्षुब्ध थी।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल संस्कृति के केशवपुरम, कल्याणपुर स्थित आवास पहुंचा। सपा ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष और पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. इमरान, पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्व विधायक सतीश निगम, संजय विद्यार्थी सविता, सम्राट विकास, चंद्रशेखर यादव रहे। सपा नेताओं ने छात्रा के पिता मुकुल आनंद सविता तथा अन्य परिजनों से बात की। परिजनों ने आरोप लगाया कि विद्यालय की प्राचार्या एवं सहायक अध्यापिकाओं के उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर बच्ची ने ट्रेन से कटकर जान दी। परिवार ने पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाया। ग्रामीण अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि सोमवार को प्रतिनिधिमंडल पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करेगा।