यूपी के हमीरपुर जिले में रामनगर मोहल्ले में नशेबाज बेटे ने दिनदहाड़े पिता की गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गया। मजदूरी कर वापस लौटी महिला ने जब आंगन में पति का शव देखा तो चीख पड़ी। सूचना पर पुलिस ने जांच की। पुलिस ने मां की तहरीर पर बेटे खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मौदहा के सिसोलर निवासी सुन्ना (70) 20 साल पहले गांव छोड़कर कस्बे में आकर बस गया था। 10 साल पहले उसने नगर के रामनगर में मकान बनवाकर परिवार सहित रहने लगा। रविवार दोपहर उसके मंझले पुत्र अर्जुन उर्फ बऊवा ने उसकी गला घोटकर हत्या कर दी। हत्या के समय घर में कोई नहीं था। सभी लोग मजदूरी करने गए थे। दोपहर में घर खाना खाने आईं सुन्ना की पत्नी रानी ने कमरे का दरवाजा खोला तो आंगन में पति का शव देख चीख पड़ी। रोते बिलखते कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना मिलते ही एएसपी लाल साहब यादव व सीओ ओमकार यादव पहुंचे। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल रानी की तहरीर पर उसके मंझले बेटे बऊवा उर्फ अर्जुन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।