सरवनखेड़ा। गजनेर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइप लाइन में कई स्थानों पर लीकेज की समस्या थी। घरों में दूषित पानी पहुंच रहा था। कुछ घरों में ठीक से पानी नहीं पहुंच पा रहा था। ग्रामीणों को पीने के पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। इसके अतिरिक्त, सड़कों पर बहने वाले पानी के कारण सड़कों की हालत भी खराब हो रही थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जल निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन के लीकेज को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है।
गजनेर स्थित पानी की टंकी से कस्बा गजनेर, जोधेपुर, हरचंदपुर और रानीपुर सहित कई अन्य गांवों में जलापूर्ति होती है। पाइपलाइन में लगभग 10 जगहों पर लीकेज होने के कारण इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की गति बहुत धीमी हो गई थी। लगातार सड़कों पर पह रहे पानी ने सड़कों पर गड्ढे कर दिए थे। जिससे आवागमन दूभर हो गया था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए, ग्राम प्रधान अनीसा बेगम ने विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी।
शिकायत के बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर लीकेज को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। बुधवार से जल निगम की एक टीम ने लीकेज को ठीक करने का काम शुरू कर दिया है। विशेष रूप से गजनेर-नवीपुर मार्ग पर लीकेज की समस्या अधिक गंभीर थी। जहां सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे थे। मुख्य मार्ग पर छह लीकेज में से चार ठीक करा दिए गए। लीकेज को ठीक करने का काम शुरू होने पर संजू बाजपेई और शिशुपाल यादव ने खुशी व्यक्त की है। जल निगम के सहायक अभियंता संजय सिंह ने बताया कि मुख्य मार्ग के सभी लीकेज को ठीक करने के लिए टीम तैनात कर दी गई है और जल्द ही समस्या का पूर्ण समाधान कर दिया जाएगा। जिससे लोगों के घरों में पर्याप्त व शुद्ध पानी पहुंच सके।