कन्नौज जिले के छिबरामऊ में सबलपुर गांव में शनिवार सुबह घर के पास से निकली हाईटेंशन लाइन टूटने से करंट की चपेट में आकर सीआरपीएफ के सैनिक की मौत हो गई। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली।
बिजली विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। ग्राम सबलपुर गांव निवासी दलगंजन सिंह (32) पुत्र विनय कुमार सीआरपीएफ में सैनिक थे।
वह 45 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार सुबह वह घर के पास प्लॉट में भैंस बांधकर कर लौट रहे थे। इस दौरान हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर ऊपर आ गिरा। करंट की चपेट में आने से दलगंजन सिंह की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बिजली अधिकारियों को फोन कर आपूर्ति बंद कराई। सूचना पर एसडीएम देवेश कुमार गुप्ता, सीओ शिव कुमार थापा, प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा और पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव मौके पर पहुंचे।