पीएसआईटी में आयोजित प्रदर्शनी के दाैरान प्रोजेक्ट की जानकारी देता छात्र।
- फोटो : स्रोत:काॅलेज
कानपुर। पीएसआईटी में मंगलवार को प्रोटेक-2025 प्रोजेक्ट प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कॉलेज में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में छात्रों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस टेक्नोलॉजी, कृषि, स्वास्थ्य और कम्युनिकेशन जैसे विविध क्षेत्रों में नवाचार से संबंधित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर संस्थान के ग्रुप निदेशक प्रो. मनमोहन शुक्ला, ड्रोन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी ‘डेटाम एडवांस्ड कंपोजिट्स प्राइवेट लिमिटेड के को-फाउंडर तन्मय तिवारी, निदेशक प्रो. एसके भल्ला, निदेशक अकादमिक प्रो. राघवेंद्र सिंह और निदेशक प्रशासनिक प्रो. विशाल मेहता ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पीएसआईटी की छात्राओं ने स्मार्ट वाटर बॉटल बनाकर सेहत और तकनीक का बेहतरीन संगम पेश किया। कंप्यूटर साइंस की छात्राओं की ओर से विकसित हाईटेक सेल्फ-प्यूरिफाइंग बॉटल पेश की गई। यह बोतल पानी को मिनटों में शुद्ध करने के साथ ही मोबाइल से कनेक्ट होकर उपयोगकर्ता की पानी पीने की आदतों पर नजर रखेगी।
छात्रों ने किसानों के लिए एग्रीकल्चर ट्रेड हब नामक एक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया है। जो कृषि उत्पादों की कीमतों, न्यूनतम समर्थन मूल्य और बाजार की पारदर्शिता को सुनिश्चित करता है। कार्यक्रम में प्रो. विशाल नागर, प्रो. रघुराज सूर्यवंशी, प्रो. आरती सक्सेना, डॉ. सुमित चंद्रा आदि उपस्थित रहे।