इटावा। इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना में बाल वैज्ञानिकों के पंजीकरण के लिए पोर्टल खुल गया है। योजना में अंतर्गत बाल वैज्ञानिकों को अपने आइडिया पोर्टल पर पंजीकरण कराने हैं। चयनित विद्यार्थियों को मॉडल बनाने को 10 हजार रुपये सरकार के द्वारा दिए जाते हैं।
इस कार्य में विद्यालय रुचि नहीं ले रहे हैं। यह योजना जिले में रफ्तार पकड़ती नहीं दिख रही है। जिले में अब तक सिर्फ एक हजार बच्चों के आवेदन हुए है और आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर है।
जिले में 200 से अधिक निजी इंटर कॉलेज है, लेकिन उनमें से सिर्फ छह कॉलेजों से बच्चों ने योजना के तहत पंजीकरण किया है। इसके साथ ही सीबीएसई के विद्यालय भी योजना के प्रति संजीदा नहीं हैं,
नतीजन आवेदन के 15 दिन बाकी होने के बाद भी योजना लक्ष्य तक पहुंंचती नहीं दिख रही है। इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना के जिला समन्वयक प्रदीप यादव ने बताया कि योजना में सरकारी व सहायता प्राप्त विद्यालयों की अपेक्षा निजी विद्यालय में रुचि नहीं ले रहे हैं, इससे आवेदनों की संख्या में बढ़ोत्तरी नहीं हो रही है।
बीते वर्ष जिले में 2800 आवेदन हुए थे। वहीं इस संबंध में डीआईओएस अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जो भी विद्यालय इंस्पायर योजना में रुचि नहीं ले रहे हैं, उन्हें अंतिम रूप से चेतावनी जारी की गई है। अगर फिर भी लापरवाही जारी रहती है तो इन कॉलेजों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।