कायमगंज। गेस्ट हाउस के सामने निर्माणाधीन भवन में बांस-बल्लियों की पाड़ टूटने से छह मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से दो मजदूरों को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जटवारा रोड स्थित निर्माणाधीन भवन में प्लास्टर का काम चल रहा था। दो मंजिला इमारत में प्लास्टर करने के लिए मजदूरों ने बांस बल्लियों की पाड़ बनाई थी। रविवार सुबह मजदूर इस पाड़ पर खड़े होकर काम कर रहे थे। बांस-बल्लियों की पाड़ अचानक टूट गई। इससे मजदूर दो मंजिला इमारत के बराबर ऊंचाई से नीचे जा गिरे। हादसे से मौके पर खलबली मच गई। मजूदरों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
घायलों में मोहल्ला चिलौली पठान निवासी प्यारे (35), जितेंद्र (40), शिखर (30), शाकिब (40), प्रेमनगर निवासी राजकुमार (40), उलियापुर निवासी राजीव (40) शामिल हैं। प्यारे, शिखर व राजीव की हालत नाजुक होने के कारण लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर राम अवतार व चौकी प्रभारी वीएस तिवारी सीएचसी पहुंचे। घायलों के हालचाल लेकर घटना की जानकारी की।