फतेहपुर में बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के चूरामन खेड़ा में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने पहले जहर देकर हत्या का आरोप लगाया। पर, जब पुलिस पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा भरने लगी तो मना कर दिया। पुलिस ने लिखित लेने के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम इनके सुपुर्द कर दिया।
गांव चूरामन खेड़ा निवासी चंद्रपाल के बेटे राकेश रैदास की शादी चार साल पहले असोथर थाना क्षेत्र के रिठवां निवासी हरीलाल की बेटी बिजमा से हुई थी। यह छह माह की गर्भवती थी। शनिवार की रात तबियत खराब हो गई।
पति व ससुरालीजन उसे एंबुलेंस से सीएचसी ले गए। डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बिजमा के भाई रवि कुमार ने पुलिस को सूचना देकर आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला। कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बाद में मायके पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया।