रोते-बिलखते जितेंद्र की दुखी पत्नी मंजू, बहन मानसी, मां शांति देवी और अन्य परिजन।
- फोटो : amarujala
कानपुर साउथ। बिधनू के हमीरपुर रोड पर अफजलपुर गांव में मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर ट्राली में बैठे ईंट भट्ठे में काम करने वाले तीन मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हैलट में लाया गया।
अफजलपुर गांव स्थित अच्छूमल भट्ठा में कार्यरत मजदूर देर रात पड़ोस के गांव से मिट्टी लेने गए थे। मंगलवार सुबह पांच बजे सभी ट्राली पर मिट्टी लादकर लौट रहे थे। भट्ठे के पास मोड़ पर घाटमपुर से कानपुर की ओर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ट्राली में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर-ट्राली में बैठे छह मजदूर सड़क पर आ गिरे। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे एसओ जीवाराम यादव के मुताबिक हादसे में मगरासा गांव के तुलसीराम के बेटे जितेंद्र (25) और अफजलपुर गांव के चंद्रपाल के बेटे दलबीर (40) की हैलट ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मगरासा गांव के सुखीलाल के बेटे दिनेश (28) ने हैलट में दोपहर में दम तोड़ दिया। गांव के दुलीचंद्र के बेटे विजय शंकर (23), ट्रैक्टर चालक इंदल (30) का इलाज चल रहा है। मगरासा के ही मैकूलाल का बेटा होरी लाल (30) सीएचसी में भर्ती है।