एसआईटी ने अधिवक्ता अखिलेश दुबे से संबंध रखने और उसके यहां आने जाने वाले ऋषिकांत शुक्ला समेत तीन क्षेत्राधिकारियों (सीओ), केडीए के दो कर्मचारियों और इंस्पेक्टर को नोटिस भेजे हैं। उन्हें बयान देने के लिए भी बुलाया है। शिकायतकर्ताओं ने इन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ साक्ष्य दिए थे।
कमिश्नरी पुलिस की ओर से गठित एसआईटी दुष्कर्म और छेड़छाड़ के झूठे आरोपों में एफआईआर कराकर वसूली करने वाले गिरोह की जांच कर रही है। एसआईटी के पास अब तक 17 से अधिक शिकायतें आ चुकी हैं जिनमें से 12 से ज्यादा मामले अखिलेश दुबे और उसके साथियों से जुड़े हुए हैं। भाजपा नेता रवि सतीजा, होटल कारोबारी सुरेश पाल, एक अधिवक्ता, संस्था के महामंत्री शैलेंद्र कुमार की तहरीर पर एफआईआर हो चुकी हैं। इन मामलों के वादी और नए शिकायतकर्ताओं ने एसआईटी को खेल में पुलिस के अधिकारी, केडीए, राजस्व विभाग के स्टाफ के संलिप्त होने के साक्ष्य दिए हैं। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्राधिकारी, केडीए के कर्मचारी और इंस्पेक्टर अक्सर अखिलेश दुबे के कार्यालय में आया करते थे। उनकी मिलीभगत से कई खेल हुए हैं।